नई दिल्ली। मध्यप्रदेश के इंदौर से एक दुखद खबर सामने आई है, यहां रामनवमी के मौके पर बड़ा हादसा हो गया। खबरों के मुताबिक यहां एक मंदिर में कुएं पर बनी छत धंस गई। इसके चलते करीब 20-25 लोग बावड़ी (कुएं) में गिर गए। कलेक्टर ने चार लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है। वहीं अभी तक 19 लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है, जबकि बाकी को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है। ये हादसा स्नेह नगर के पास पटेल नगर में हुआ। यहां बेलेश्वर महादेव झूलेलाल मंदिर में कुएं पर बनी छत धंस गई। इसके चलते इस पर मौजूद लोग कुएं में गिर गए। मंदिर में रामनवमी पर हवन चल रहा था। एमपी के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि लोगों का रेस्क्यू किया जा रहा हैण् जो लोग फंसे हैं, उन्हें निकालने का प्रयास जारी है। बाहर निकाले गए लोगों को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि वे स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि रामनवमी पर मंदिर में हवन हो रहा था। इसमें शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। लोग पूजा अर्चना और आरती कर रहे थे। मंदिर में एक बावड़ी थी, इस पर 10 साल पहले छत डाल दी गई थी। पूजा के दौरान 20-25 लोग बावड़ी की छत पर खड़े थे, तभी छत धंस गई। छत धंसने से कुएं में करीब 20-25 लोग इसमें गिर गए। यह बावड़ी 50 फीट गहरी बताई जा रही है।
Narendra Singh
संपादक