नीट पेपर लीक मामला! गंगोलीहाट में कांग्रेसियों ने निकाला मशाल जुलूस, सरकार के खिलाफ नारेबाजी

Blog
 Image

गंगोलीहाट। नीट यूजी 2026 पेपर लीक प्रकरण को लेकर पूरे देश में उठ रहे विरोध के बीच गंगोलीहाट में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए मशाल जुलूस निकाला। इस दौरान केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर युवाओं के भविष्य के साथ हो रही कथित धांधली पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। युवा कांग्रेस के नेतृत्व में निकाले गए मशाल जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं और इससे लाखों मेहनती अभ्यर्थियों का विश्वास व्यवस्था से उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने में विफल रही है। मशाल जुलूस के दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश का युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उसकी मेहनत और सपनों पर पानी फेर देती हैं। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो युवा कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी। युवा कांग्रेस अध्यक्ष आनंद बिष्ट ने कहा कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से लाखों युवाओं का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। यह केवल परीक्षा में गड़बड़ी नहीं बल्कि युवाओं के सपनों के साथ विश्वासघात है। इस मौके पर पूर्व राज्य दर्जा मंत्री खजान चंद्र गुड्डू, पूरन कन्याल, पूर्व प्रधान हेम कुमार, ब्लॉक अध्यक्ष बेरीनाग कोमल साहनी, मनीष बिष्ट, कृष्णा कुमार, संजय बोरा, पंकज गौस्वामी, पंकज कुमार नैनी समेत अनेक वरिष्ठ कांग्रेस नेता और युवा कार्यकर्ता शामिल रहे।