लोअर PCS 2024: 113 पदों के लिए अंतिम परिणाम जारी

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। इस परीक्षा में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान प्राप्त किया है, जबकि विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रहीं। कुल 113 पदों के लिए चयन हुआ है। इसी के साथ अनिमेष पुनीता चौथे और भूपेश सिंह नगर कोटी पांचवें स्थान पर रहे हैं। इनमें नायब तहसीलदार, उप कारापाल, पूर्ति निरीक्षक समेत विभिन्न पद शामिल हैं। उप कारापाल पद के लिए गैरसैंण तहसील के डुंगरी निवासी शिक्षक भोला दत्त सिरसवाल के बेटे मनीष सिरसवाल ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत विभिन्न विभागों में कुल 113 रिक्त पदों के लिए 3 जनवरी 2025 को विज्ञापन जारी किया गया था। इसके बाद 27 मार्च 2026 को मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया। मुख्य परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सकीय परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई। इन्हीं चरणों के आधार पर अब अंतिम मेरिट और पदवार चयन परिणाम जारी किया गया है।  आयोग की ओर से जारी परिणाम के अनुसार नायब तहसीलदार के 36 पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। वहीं उप कारापाल के 14, पूर्ति निरीक्षक के 36, विपणन निरीक्षक के 6 और श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 5 पदों पर चयन हुआ है। इसके अलावा आबकारी निरीक्षक के 5, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के 2, गन्ना विकास निरीक्षक के 6 और खांडसारी निरीक्षक के 3 पदों के लिए भी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। आयोग ने चयन परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जारी किया है। अभ्यर्थी वेबसाइट पर पदवार चयन सूची के साथ अपने प्राप्तांक और संबंधित कटऑफ अंक भी देख सकते हैं। इस परिणाम के साथ लंबे समय से चल रही लोअर पीसीएस 2024 की भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण पूरा हो गया है।