गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय, गंगोलीहाट में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को छात्र-छात्राओं का लगातार समर्थन मिल रहा है। छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल ने महाविद्यालय की समस्याओं के समाधान की मांग उठाते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए मांगों पर जल्द कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने बताया कि प्रशासन को पूर्व में 15 दिन का समय दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बावजूद मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं को आंदोलन शुरू करने के लिए बाध्य होना पड़ा। आंदोलन के तहत महाविद्यालय के नए भवन तक सड़क निर्माण, बीएससी और बीकॉम सहित एमए की कक्षाओं का संचालन, महाविद्यालय के उच्चीकरण तथा छात्रावास निर्माण की मांग की जा रही है। छात्र संघ अध्यक्ष ने कहा कि जब तक मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

