बेरीनाग। उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकीय इंटर कॉलेज चौड़मन्या में 'जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार' कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आम जनता की समस्याओं को विस्तार से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ कार्य कर रही है, ताकि हर पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने लोगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील भी की। कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री कुंदन लटवाल, गंगोलीहाट विधायक श्री फकीर राम टम्टा, पूर्व विधायक श्रीमती मीना गंगोला, बेरीनाग मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, पूर्व मंडल अध्यक्ष किशन लाल शाह, पूर्व ब्लॉक प्रमुख खुशाल सिंह भंडारी, ब्लॉक प्रमुख संगीता चन्याल, ज्येष्ठ प्रमुख धीरज बिष्ट, भीम कुमार, ग्राम प्रधान नागौर दीपक उप्रेती, पूर्व जिला पंचायत सदस्य दिवाकर रावल, बूथ अध्यक्ष पान सिंह, सह प्रभारी रानीखेत करम राम, अनुसूचित मोर्चा प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार, अनुश्रवण समिति सदस्य दीपक नेवलिया, हिमांशु आगरी तथा सोशल मीडिया प्रभारी नगर बेरीनाग निखिल पंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर विभिन्न सरकारी विभागों एवं महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं, स्वरोजगार, कृषि, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा तथा अन्य कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। कई विभागों ने मौके पर ही पात्र लाभार्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराए। कार्यक्रम के दौरान निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें चिकित्सकों की टीम ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक परामर्श दिया। साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत लाभार्थियों का पंजीकरण भी किया गया, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ मिल सका।

