गंगोलीहाट: जर्जर मोटरमार्गों को लेकर फूटा जनता का गुस्सा! दो हफ्ते में डामरीकरण न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

Blog
 Image

गंगोलीहाट। क्षेत्र की खस्ताहाल सड़कों और डामरीकरण की मांग को लेकर स्थानीय जनता का आक्रोश अब चरम पर पहुंच गया है। गंगोलीहाट के पटवाधार-नैनी मोटरमार्ग और बाजरागाड़ा से पालीपल्याल मोटरमार्ग की बदहाल स्थिति से त्रस्त ग्रामीण जनता और विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट को एक ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सुधारीकरण की मांग की है। इस मांग के समर्थन में 20 जून 2026 को पंचायत घर कुन्तोला (पटवाधार) में एक आम बैठक का भी आयोजन किया गया। सड़कों की हालत वर्तमान में बेहद जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। पूरी सड़क गहरे गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रहता है। बरसात के मौसम में इन रास्तों की स्थिति और भी खराब हो जाती है। इस मार्ग से रोज़ाना कई गांवों के स्कूली बच्चे, बुजुर्ग, मरीज और आम जनता जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने को मजबूर हैं। सड़कों की इस विकराल समस्या से संगठित रूप से लड़ने के लिए ग्रामीणों ने एक मोर्चा तैयार किया है। पंचायत घर कुन्तोला में आयोजित आम बैठक में सर्वसम्मति से *'बेलपट्टी संघर्ष समिति'* का गठन किया गया, जिसमें पदाधिकारियों और सदस्यों का चुनाव भी किया गया। समिति में अध्यक्ष पद पर संजय सिंह, सचिव पद पर सुरेश चन्द्र, कोषाध्यक्ष पद पर गिरीश सिंह, मंत्री पद पर पुष्कर सिंह, संयोजक पद पर शंकर सिंह, उपाध्यक्ष पद पर जगदीश सिंह और प्रचार मंत्री पद पर योगेन्द्र सिंह को चुना गया है। इसके साथ ही बीरेन्द्र सिंह, संजय सिंह, निशा लुंगला, नारायण सिंह, राजीव मुंडा, लक्ष्मण सिंह, जगदीश प्रसाद, अर्जुन सिंह और रिंकू कुमार को समिति का सदस्य बनाया गया है। ग्रामीणों और नवनिर्वाचित समिति का कहना है कि इस जटिल समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि अगले दो हफ्तों के भीतर सड़कों के डामरीकरण और सुधार कार्य को संज्ञान में नहीं लिया गया, तो क्षेत्र की आम जनता तहसील प्रांगण में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। ग्रामीणों ने साफ किया है कि आंदोलन के दौरान यदि कोई भी जनहानि या शासकीय क्षति होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी शासन, प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। ज्ञापन पर ग्राम पंचायत कुन्तोला की प्रधान दीपा देवी, ग्राम पंचायत सुगड़ी की प्रधान पूजा देवी, ग्राम पंचायत वनेलागांव की प्रधान पार्वती देवी, ग्राम पंचायत देवराड़ी के प्रधान राज सिंह, ग्राम पंचायत हनेरा लमपाथरोल के प्रधान और सभासद कंचन सहित समस्त क्षेत्रीय जनता और बेलपट्टी संघर्ष समिति के पदाधिकारियों के हस्ताक्षर व मुहर हैं।