गंगोलीहाटः यूथ आर्मी की अनूठी पहल! 22 जून को मेधावी छात्र-छात्राओं और उत्कृष्ट शिक्षकों का होगा सम्मान

Blog
 Image

गंगोलीहाट। क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा देने और होनहार छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए आगामी 22 जून को एक भव्य ‘विद्यार्थी शिक्षक सम्मान समारोह’ का आयोजन होने जा रहा है। यूथ आर्मी गंगोलीहाट के संयोजन में होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह समारोह स्थानीय पीएम श्री अटल उत्कृष्ट महाकाली इण्टर कॉलेज में आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम के मुख्य आयोजक और सामाजिक कार्यकर्ता विजय चंद्रा उर्फ पप्पू प्रधान ने बताया कि समारोह में गंगोलीहाट विकासखंड के उन सभी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में 75% या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। पूरे विकासखंड से ऐसे लगभग 200 मेधावी बच्चों को चिन्हित किया गया है। छात्रों के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों को भी मंच पर सम्मानित किया जाना है। विजय चंद्रा ने आगे जानकारी दी कि दूर-दराज से आने वाले छात्रों और मेहमानों की सुविधा को देखते हुए कार्यक्रम में आमंत्रित सभी विद्यार्थियों के लिए मध्यान्ह भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई है। यूथ आर्मी और आयोजक टीम ने विकासखंड के सभी सम्मानित बुद्धिजीवियों, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं से इस कार्यक्रम में पहुंचकर मेधावियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।