govt-ads

गंगोलीहाट में सड़क की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश, डीएम को सौंपा ज्ञापन

Blog
 Image

गंगोलीहाट। उत्तराखंड के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मड़कनाली से भामा तक जाने वाले मोटर मार्ग की जर्जर हालत को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्राम पंचायत जाखनी उप्रेती की ग्राम प्रधान विमला भण्डारी के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी पिथौरागढ़ को ज्ञापन सौंपकर सड़क के शीघ्र सुधारीकरण और गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया है कि गंगोलीहाट क्षेत्र के मड़कनाली से भामा तक बने इस मोटर मार्ग से बालाकुंचा, जाखनी उप्रेती, भामा, डोडरी, पाथै और सुरखाल पाठक सहित कई गांवों के लोग लाभान्वित होते हैं। वर्तमान में इस मार्ग की स्थिति अत्यंत दयनीय हो चुकी है, जहाँ पूरी सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन चुके हैं और डामर पूरी तरह उखड़ चुका है। मार्ग के ईस्कवर आदि बंद होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर ही फैला रहता है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ठेकेदारों द्वारा पूर्व में किया गया डामरीकरण मानकों के अनुरूप न होने के कारण कुछ ही समय में उखड़ गया। साथ ही, संबंधित विभाग द्वारा इस सड़क की किसी भी प्रकार की देखरेख या निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। सड़क पर गड्ढे होने और डामर न बचने के कारण आए दिन वाहन क्षतिग्रस्त हो रहे हैं तथा हर समय दुर्घटना का भय बना हुआ है। ज्ञापन के माध्यम से चेतावनी दी गई है कि यदि इस समस्या का समाधान यथाशीघ्र नहीं किया गया, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को सड़क को दुरुस्त करने तथा गुणवत्तापूर्ण डामरीकरण करने हेतु निर्देश देने की पुरजोर मांग की गई है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट को भी प्रतिलिपि प्रेषित की गई है।