गंगोलीहाट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में सोमवार से तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर का आगाज हुआ, जिसके पहले ही दिन क्षेत्र के 759 मरीजों ने अपनी स्वास्थ्य जांच कराकर निशुल्क सेवाओं का लाभ उठाया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत के नेतृत्व में आयोजित इस विशेष कैंप में सुबह से ही मरीजों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मुस्तैदी से अपनी सेवाएं दीं। फिजिशियन डॉ. दिनेश सिंह धर्मसत्तू ने सर्वाधिक 406 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें परामर्श दिया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जयराज नबियाल ने 101 बच्चों की सेहत जांची, जबकि दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. संध्या ने 25 मरीजों के दांतों का इलाज किया। नेत्र सर्जन डॉ. भूपेंद्र टोलिया ने नेत्र सहायक राजेंद्र राम के सहयोग से 88 मरीजों की आंखों की गंभीर जांच की। उपचार के साथ-साथ मरीजों को मौके पर ही अन्य जरूरी सुविधाएं भी मुहैया कराई गईं। शिविर के दौरान 90 मरीजों के निशुल्क एक्सरे किए गए। इसके अलावा डिजिटल हेल्थ और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ते हुए 13 आयुष्मान कार्ड, 12 आभा आईडी और 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र भी मौके पर ही तैयार कर वितरित किए गए। पहले दिन के इस सफल आयोजन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक कमल जोशी, ब्लॉक कॉर्डिनेटर कल्याण मेहता और आशा फेशिलिटेटरों सहित चिकित्सा केंद्र के समस्त नर्सिंग व प्रशासनिक स्टाफ ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। यह शिविर आगे भी दो दिनों तक जारी रहेगा।

