सरस्वती शिशु मंदिर मुनस्यारी में छात्र संसद का गठन, लोकतांत्रिक प्रक्रिया से चुने गए पदाधिकारी

Blog
 Image

मुनस्यारी। सरस्वती शिशु मंदिर मुनस्यारी में विद्यार्थियों के नेतृत्व कौशल और लोकतांत्रिक मूल्यों के विकास के उद्देश्य से शिशु भारती (छात्र संसद) का गठन बड़े उत्साह और गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय परिसर में प्रधानाचार्य विद्या मंदिर कमल मेहरा एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश चिराल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान छात्र संसद के विभिन्न महत्वपूर्ण पदों के लिए मतदान पद्धति के माध्यम से चुनाव कराया गया। इसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को सफल बनाया। चुनाव परिणामों में अध्यक्ष पद पर शिवम फर्स्वाण, सेनापति पद पर आयुष भाकुनी, मंत्री पद पर अर्जुन रावत तथा वंदना प्रमुख पद पर रिया चिराल विजयी घोषित हुए। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश चिराल ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में नेतृत्व क्षमता का विकास भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है और इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में जिम्मेदारी, अनुशासन तथा सामाजिक चेतना का विकास करती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य रणजीत सिंह बशेड़ा ने सभी विजयी पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र संसद विद्यालय की अनुशासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ विद्यार्थियों में निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने उपस्थित अतिथियों और सभी शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शिशु भारती प्रमुख आचार्य मनोज सिंह राणा, वरिष्ठ आचार्य आनंद सिंह बिष्ट सहित विद्यालय के अन्य आचार्यगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।