गंगोलीहाट। तहसील क्षेत्र गंगोलीहाट के कपडाराछीना में सोमवार को भव्य श्री छुरमल देवता महोत्सव 2026 का विधिवत उद्घाटन हुआ। तीन दिवसीय इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन के पहले ही दिन श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक फकीर राम टम्टा ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक महोत्सव हमारी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकजुटता को बनाए रखने का कार्य करते हैं। कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन नानू बिष्ट द्वारा किया गया।
महोत्सव का भव्य शुभारंभ सोमवार 14 सितंबर से हुआ है, जिसका समापन 16 सितंबर 2026 (बुधवार, ऋषि पंचमी) को होगा। आयोजन समिति के अध्यक्ष हरीश भण्डारी ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 14 से 16 सितंबर तक विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस उद्घाटन समारोह में क्षेत्र प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष भगवान डोभाल, वरिष्ठ भाजपा नेता करम राम, ग्राम प्रधान सर्वजीत राम तथाआयोजन समिति के अध्यक्ष हरीश भण्डारी सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

