पिथौरागढ़: चौकड़ी में श्री आदि कैलाश यात्रा के चतुर्थ दल का भव्य स्वागत! यात्रियों ने की KMVN सुविधाओं की सराहना

Blog
 Image

पिथौरागढ़। पवित्र श्री आदि कैलाश यात्रा के चतुर्थ दल का चौकड़ी स्थित पर्यटक आवास गृह पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। आवास गृह के प्रबंधक एवं कर्मचारियों ने सभी यात्रियों का फूल-मालाएं पहनाकर आत्मीय अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत यात्रियों ने इस स्नेहपूर्ण आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया और अपनी यात्रा के अनुभव साझा किए। यात्रियों ने बताया कि उन्हें इस यात्रा के दौरान ॐ पर्वत और श्री आदि कैलाश के अत्यंत सुंदर एवं स्पष्ट दर्शन हुए, जिससे वे आध्यात्मिक रूप से अत्यंत आनंदित और संतुष्ट महसूस कर रहे हैं। श्रद्धालुओं ने कहा कि यह यात्रा उनके जीवन की अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभूति बन गई है। यात्रियों ने विशेष रूप से कुमाऊं मंडल विकास निगम (KMVN) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं और स्टाफ की सेवाभावना की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग में रहने, भोजन और अन्य सुविधाएं उत्कृष्ट स्तर की रही हैं, जिससे कठिन पर्वतीय यात्रा भी सहज और सुखद अनुभव में बदल गई। इस अवसर पर यात्रियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए चौकड़ी पहुंचने पर वृक्षारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए सभी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और प्रकृति संरक्षण में योगदान देने की अपील की। यात्रियों ने कहा कि हिमालयी क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता को बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। चतुर्थ दल में शामिल यात्रियों की विविधता भी आकर्षण का केंद्र रही। दल के सबसे बुजुर्ग यात्री केरल से मुराली बालाजी रहे, जबकि सबसे कम उम्र के यात्री उत्तर प्रदेश से भरत बंसल रहे। इस दल में केरल से 4, दिल्ली से 4, पुणे से 3, कर्नाटक से 2 तथा उत्तर प्रदेश, चेन्नई और तमिलनाडु से एक-एक यात्री शामिल रहे। देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने इस यात्रा को राष्ट्रीय एकता और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक बताया। आज यह दल पाताल भुवनेश्वर के दर्शन करने के पश्चात अल्मोड़ा के लिए रवाना हुआ।