पिथौरागढ़: चौकोड़ी में कैलाश मानसरोवर यात्रियों का भव्य स्वागत! सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने जीता श्रद्धालुओं का दिल

Blog
 Image

पिथौरागढ़। पवित्र श्री कैलाश मानसरोवर यात्रा के 47 सदस्यीय चौथे दल का शुक्रवार को पर्यटक आवास गृह चौकोड़ी पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक दीपक पंत के नेतृत्व में स्थानीय मातृशक्ति और स्कूली बच्चों ने यात्रियों का तिलक लगाकर, पुष्प वर्षा और फूलमालाओं के साथ पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया। स्वागत समारोह के दौरान यात्रियों के यात्रा मार्ग के दौरान खींचे गए कुछ विशेष फोटोग्राफ टीवी स्क्रीन पर सरप्राइज के रूप में प्रदर्शित किए गए। अपनी यात्रा की यादों को बड़े पर्दे पर देखकर कैलाश यात्री भावुक हो उठे और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में स्थानीय मातृशक्ति और कैलाश यात्रियों ने मिलकर कुमाऊनी और हिंदी में भगवान शिव के भजनों का गायन किया। कुछ यात्रियों ने भी अपनी मधुर आवाज में भजन प्रस्तुत किए। इसके बाद स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जबकि स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक कुमाऊनी लोकनृत्य चांचरी (चचरी) की मनमोहक प्रस्तुति दी। वहीं यात्रियों ने भी उत्साह के साथ गरबा नृत्य में भाग लेकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया। चौकोड़ी में मिले आत्मीय स्वागत से कैलाश मानसरोवर यात्री बेहद उत्साहित और भावविभोर नजर आए। उन्होंने कुमाऊं मंडल विकास निगम, विदेश मंत्रालय और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) द्वारा यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, यह दल शनिवार को पाताल भुवनेश्वर, गंगोलीहाट और जागेश्वर धाम के दर्शन करेगा। इसके बाद सभी यात्री रात्रि विश्राम के लिए अल्मोड़ा रवाना होंगे। चौकोड़ी में हुए पारंपरिक स्वागत और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की स्मृतियां यात्रियों के लिए लंबे समय तक यादगार बनी रहेंगी।