Feb 13, 2026

पिथौरागढ़ः पाताल भुवनेश्वर में 15 फरवरी को सजेगा महाशिवरात्रि का भव्य मेला! शिव-पार्वती की निकलेगी भव्य बारात

post-img

पिथौरागढ़। जनपद के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल पाताल भुवनेश्वर में आगामी 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। मंदिर कमेटी पाताल भुवनेश्वर द्वारा मेले के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा। दिन में स्टेशन परिसर में भव्य मेला आयोजित होगा, जहां श्रद्धालु पाताल भुवनेश्वर मंदिर के दर्शन कर मेले का आनंद लेंगे। शाम के समय वृद्ध भुवनेश्वर से भगवान शिव और माता पार्वती की भव्य बारात निकाली जाएगी। यह बारात भोले शंकर के जयघोषों के साथ मंदिर की परिक्रमा करते हुए मुख्य गुफा तक पहुंचेगी। गुफा के भीतर विशेष पूजा-अर्चना के बाद बारात वापस वृद्ध भुवनेश्वर में संपन्न होगी, जिसके पश्चात स्थानीय निवासियों और भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा। इस भव्य आयोजन में स्थानीय जनता के साथ-साथ मंदिर कमेटी के सभी पदाधिकारी बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। पारंपरिक रूप से इस मेले में भंडारी, रावल, गुरौ, दीपा, दर्शानी, थुल और लोहार आदि विभिन्न जातियों के लोग अपनी परंपराओं का बखूबी निर्वहन करते हैं। मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष केदार भंडारी, महासचिव जगत रावल और उपाध्यक्ष त्रिलोक भंडारी सहित अन्य सदस्यों ने क्षेत्र की समस्त जनता से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शाम की झांकियों की शोभा बढ़ाएं और भगवान शिव का आशीर्वाद व प्रसाद ग्रहण करें।