गंगोलीहाट में बंदरों का आतंक! घर में घुसकर महिला पर किया हमला, लहुलुहान

Blog
 Image

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट क्षेत्र में बंदरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ग्राम उपना (चौरपाल) में आज एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां घर में घुसे बंदरों के झुंड ने एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला कर उन्हें बुरी तरह लहुलुहान कर दिया। जानकारी के अनुसार, ग्राम उपना चौरपाल निवासी 74 वर्षीय तुलसी देवी पत्नी उर्वा दत्त जोशी अपने घर के भीतर थीं। इसी दौरान अचानक छह खूंखार बंदर जबरन घर में घुस आए। इससे पहले कि बुजुर्ग महिला खुद को संभाल पातीं या मदद के लिए शोर मचातीं, बंदरों ने उन्हें घेरकर बुरी तरह काटना और नोचना शुरू कर दिया। महिला की चीख-पुकार सुनकर जब तक परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बंदरों को खदेड़ा, तब तक बंदर बुजुर्ग महिला को गंभीर रूप से घायल कर चुके थे। आनन-फानन में लहूलुहान स्थिति में उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इस घटना के बाद से पूरे उपना और चौरपाल क्षेत्र के ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक इस कदर बढ़ चुका है कि अब लोग अपने घरों के भीतर भी सुरक्षित नहीं हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुध लेने और हिंसक बंदरों को तुरंत पकड़ने की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगोलीहाट के वन क्षेत्राधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला के मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर जल्द ही अग्रिम विभागीय कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।