Apr 05, 2026

मेट्रो और RRTS प्रोजेक्ट: उत्तराखंड के तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन से जोड़ने की धामी सरकार की पहल

post-img

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा, आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात की और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने हरिद्वार शहर में गंगा कॉरिडोर क्षेत्र से संबंधित लगभग 325 करोड़ रुपये की परियोजना के लिए केंद्र सरकार से धनराशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उन्होंने आगामी कुंभ-2027 को ध्यान में रखते हुए इस परियोजना के प्रथम चरण में विद्युत लाइनों के भूमिगतकरण और विद्युत प्रणाली के स्वचालन के लिए 325 करोड़ रुपये शीघ्र स्वीकृत करने की मांग की। साथ ही द्वितीय चरण के अंतर्गत शेष लगभग 425 करोड़ रुपये की राशि भी अनुमोदित करने का अनुरोध किया। 

सीएम धामी ने हरिद्वार और ऋषिकेश में कुंभ-2027 की तैयारियों के मद्देनजर घाटों के सौंदर्यीकरण, आवासीय सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण और शहरी अवसंरचना विकास के लिए केंद्र सरकार से विशेष सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना को मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक विस्तारित करने का अनुरोध भी किया। इसके अलावा देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन से सड़क यातायात पर निर्भरता कम होगी, यातायात जाम की समस्या दूर होगी और पर्यावरण को भी फायदा पहुंचेगा। यह पहल उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थस्थलों को आधुनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ते हुए पर्यटन, आर्थिक गतिविधियों और समग्र विकास को नई गति देगी। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास के लिए हर संभव सहयोग करने को तैयार है। मुख्यमंत्री धामी ने इस भेंट को राज्य के लिए उपयोगी बताया और कहा कि कुंभ-2027 को भव्य और दिव्य बनाने के लिए केंद्र सरकार से मिल रहे सहयोग से हरिद्वार और ऋषिकेश की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ेंगी।