गंगोलीहाट। गंगोलीहाट की प्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था हिमालयन ग्राम विकास समिति, आंवलाघाट रोड दशाईथल में 8 से 10 मई 2026 के बीच एक भव्य तीन दिवसीय साइंस आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में तीन सीमांत जनपदों के 20 विद्यालयों से विज्ञान वर्ग के कक्षा 12 के 80 विद्यार्थी और 20 विज्ञान शिक्षक भाग लेंगे। इस संगोष्ठी में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के वैज्ञानिक अपने ज्ञान का साझा करेंगे, जिनमें जवाहरलाल नेहरू सेन्टर फार एडवांस साइंटिफिक रिसर्च बेंगलुरु, आईआईटी मुंबई, भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान मोहाली, कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर और कुमाऊँ विश्वविद्यालय के प्रोफेसर शामिल हैं। विशेष आकर्षण के रूप में भारत रत्न प्रो. सी. एन. आर. राव और यूकोस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत भी वर्चुअल माध्यम से अपना संबोधन देंगे। उल्लेखनीय है कि प्रख्यात भूविज्ञानी पद्मभूषण प्रो. खड्ग सिंह वल्दिया की प्रेरणा से वर्ष 2009 में शुरू हुए इस अभियान से अब तक उत्तराखंड के 832 विद्यालयों के 35,718 विद्यार्थी और शिक्षक लाभान्वित हो चुके हैं।

