Apr 01, 2026

गंगोलीहाटः नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत! पहले ही दिन छात्रों को मिलीं निःशुल्क पुस्तकें, स्कूलों में दिखा उत्साह

post-img

गंगोलीहाट। नए शैक्षिक सत्र के पहले दिन विकासखंड के सभी विद्यालयों में खास पहल देखने को मिली। कक्षा 1 से 12 तक के विद्यार्थियों को पहले ही दिन निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। इस पहल का उद्देश्य छात्रों को शुरुआत से ही पढ़ाई के लिए प्रेरित करना और संसाधनों की कमी को दूर करना है। खंड शिक्षा अधिकारी आरसी मौर्य और उप शिक्षा अधिकारी नीरज अधिकारी ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए थे कि पहले ही दिन अनिवार्य रूप से पुस्तकें वितरित की जाएं। इसी क्रम में विभिन्न विद्यालयों में पुस्तक वितरण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें विद्यालय प्रबंधन समिति, अभिभावक और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। स्कूलों में बच्चों के चेहरों पर नई किताबें पाकर उत्साह साफ देखा गया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि शेष बची पुस्तकों का वितरण भी जल्द पूरा कर लिया जाएगा, ताकि किसी भी छात्र की पढ़ाई प्रभावित न हो।