govt-ads

गंगोलीहाट: मांगें पूरी न होने पर उग्र हुए छात्र! महाविद्यालय में 15वें दिन भी आंदोलन जारी, विधायक व सरकार का पुतला फूंका

Blog
 Image

गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर छात्र-छात्राओं का अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन बुधवार को 15वें दिन भी जारी रहा। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और उच्च शिक्षा विभाग की उपेक्षा से आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्रीय विधायक और प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को महाविद्यालय के विद्यार्थियों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। बुधवार को परिसर में एकत्र हुए छात्र-छात्राओं ने शासन और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। छात्रों का कहना है कि लंबे समय से मांग पत्र सौंपने और धरना देने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही है। छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल ने कहा कि महाविद्यालय की जायज मांगों को लेकर हमारा संघर्ष लगातार जारी है। जब तक शासन और उच्च शिक्षा विभाग सभी मांगों पर लिखित में ठोस कार्रवाई नहीं करता, तब तक यह अनिश्चितकालीन धरना और आंदोलन खत्म नहीं होगा। छात्रों की मांग है कि महाविद्यालय के नए भवन तक पक्की सड़क का निर्माण कराया जाए। कैंपस में बी.एससी. (B.Sc.), बी.कॉम. (B.Com.) और एम.ए. (M.A.) की कक्षाएं तत्काल शुरू की जाएं। महाविद्यालय का उच्चीकरण किया जाए और दूर-दराज से आने वाले छात्रों के लिए छात्रावास (Hostel) का निर्माण कराया जाए।