गंगोलीहाट। श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में श्री महाकाली मंदिर परिसर में रामलीला का मंचन जारी है। रामलीला के आठवें दिवस पर कलाकारों ने रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन कर दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस दौरान भगवान राम और लक्ष्मण के पंचवटी पहुंचने से लेकर सुग्रीव के राज्याभिषेक तक की लीला का मंचन किया गया। आठवें दिन की लीला में राम-लक्ष्मण संवाद, माता सीता की खोज, जटायु-राम संवाद और भगवान राम-लक्ष्मण का शबरी आश्रम पहुंचना प्रमुख प्रसंग रहे। इसके बाद राम-शबरी संवाद और हनुमान-राम मिलन का मंचन किया गया। सुग्रीव और भगवान राम की मित्रता, बाली-तारा संवाद, बाली-सुग्रीव युद्ध तथा भगवान राम द्वारा बाली वध के दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। बाली वध के बाद बाली-राम संवाद और तारा-राम संवाद का मंचन हुआ। अंत में अंगद को युवराज घोषित करने और सुग्रीव के राज्याभिषेक के साथ लीला का समापन किया गया। रामलीला में मुख्य पात्रों की भूमिका बालिकाएं निभा रही हैं। उनके जीवंत अभिनय को दर्शकों की खूब सराहना मिल रही है। मंचन देखने के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग महाकाली मंदिर परिसर पहुंच रहे हैं। रामलीला के दौरान दर्शकों में उत्साह और धार्मिक आस्था का माहौल बना हुआ है। आठवें दिवस की लीला में मुख्य अतिथि के रूप में सेवानिवृत्त अनु सचिव करम राम अपनी पत्नी मालती देवी के साथ उपस्थित रहे। इनके अलावा भाजपा ओबीसी जिला उपाध्यक्ष रविन्द्र लाल वर्मा, पूर्व सभासद एवं राजकीय ठेकेदार मोहन कार्की (पप्पू कार्की), व्यापार संघ उपाध्यक्ष हंसा दत्त पाठक, दीपक कुमार, देवराज साह, षष्ठी रावल, त्रिभुवन बिष्ट, संजय रावल, नवीन उप्रेती, कमल रावल, भगवत रावल और सुनील रावल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

