गंगोलीहाट। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट में आयोजित तीन दिवसीय वृहद स्वास्थ्य शिविर में आज दूसरे दिन मरीजों की भारी भीड़ देखने को मिली, जहाँ कुल 947 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ दी गईं। उल्लेखनीय है कि बीते कल के 759 के सापेक्ष मंगलवार को मरीजों की संख्या में यह उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. उमाकांत के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मरीजों की जाँच की गई और दवाइयाँ वितरित की गईं। शिविर में अलग-अलग विभागों के तहत बड़ी संख्या में लोग पहुँचे। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सर्जरी (शल्य चिकित्सा) विभाग में सर्वाधिक 210 मरीजों ने परामर्श लिया, जबकि हड्डी रोग विशेषज्ञ द्वारा 154 मरीजों की जाँच की गई। इसके अलावा, ई.एन.टी. (नाक, कान, गला) विभाग में 190, नेत्र रोग विभाग में 94, बाल रोग विभाग में 84 और दंत रोग विभाग में 35 लाभार्थियों का उपचार किया गया। जाँच सेवाओं के अंतर्गत 170 मरीजों का एक्स-रे किया गया और 88 महिलाओं का ए.एन.सी. अल्ट्रासाउंड डॉ रामबाबू द्वारा किया गया, जनरल ओ पी डी 140 रही। स्वास्थ्य योजनाओं के तहत लाभार्थियों को दिव्यांगता प्रमाणपत्र (2) और आयुष्मान कार्ड (5) भी जारी किए गए। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों के रूप में डॉ. अनुज लखपाल और डॉ. मयंक दोशानी ने अपनी सेवाएँ दीं। शिविर में जहाँ एक ओर विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ मौजूद रहे, वहीं दूसरी ओर यहाँ आए मरीजों को महिला रोग विशेषज्ञ की कमी बहुत खली, जिसके चलते महिला मरीजों को कुछ दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस वृहद शिविर के सफल संचालन में ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक कमल जोशी और ब्लॉक समन्वयक कल्याण सिंह का विशेष सहयोग रहा। साथ ही आशा फैसिलिटेटर, समस्त आशा कार्यकर्ताओं और अस्पताल के पूरे स्टाफ ने अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखा।

