Mar 30, 2026

गंगोलीहाटः कैप्टन डॉ. दया कृष्ण बेरी को डॉक्टरेट की मानद उपाधि! कैडेट्स ने मनाया जश्न

post-img

गंगोलीहाट। स्थानीय पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में आज उत्साह का माहौल रहा। विद्यालय के एनसीसी सीनियर डिवीजन के कैडेट्स द्वारा कैप्टन डॉ. दया कृष्ण बेरी के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह सम्मान समारोह कैप्टन बेरी को लेफ्टिनेंट से कैप्टन पद पर पदोन्नत होने तथा मानद डॉक्टरेट की उपाधि से विभूषित होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। इस दौरान कैडेट्स ने कैप्टन डॉ. बेरी का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने केक काटकर अपनी खुशी साझा की। वहीं विद्यालय और कैडेट्स की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस मौके पर कैप्टन डॉ. बेरी ने कैडेट्स को जलपान कराया और सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में युवाओं के भीतर देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति, अनुशासन और एकता की भावना को जागृत करने पर जोर दिया। उपस्थित शिक्षकों और विद्यार्थियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर लोकता बिष्ट, कविता भंडारी, संजना और सागर कुमार सहित कई कैडेट्स आदि उपस्थित रहे।