गंगोलीहाट। गंगोलीहाट के प्रतिष्ठित राय बहादुर पूरन लाल शाह विवेकानंद इण्टर कॉलेज में 'नारद जयंती' एवं 'पत्रकारिता दिवस' के अवसर पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय की दैनिक प्रार्थना सभा के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में पत्रकारिता के आदर्शों और निरंतर अध्ययन की महत्ता पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पत्रकार नीरज पंत और हरगोविंद रावल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सुरेश जोशी और प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी ने अतिथियों को बैच लगाकर और प्रतीक चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन बहादुर सिंह बुगला द्वारा किया गया। महाकाली मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं पत्रकार हरगोविंद रावल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सीखने की प्रक्रिया जीवनभर चलती रहती है और अध्ययन की निरंतरता ही हमें अपडेट रखती है। वहीं, प्रधानाचार्य चंद्र शेखर जोशी ने देवर्षि नारद के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं को हर प्रकार की प्रामाणिक जानकारी से परिपूर्ण रखने और समाज से जुड़ने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर वरिष्ठ आचार्य पद्मा दत्त भट्ट, महिपाल सिंह मेहरा, पंकज पंत, कपिल उप्रेती, भगवान सिंह, प्रेमा कार्की, पंकज पाठक सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अनुशासित वातावरण में संपन्न हुए इस आयोजन ने छात्रों को सूचना और संचार के महत्व से गहराई से जोड़ा।

