पिथौरागढ़: साइबर ठगी के मामले कम नहीं हो रहे हैं। जिले में एक बार फिर से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। झारखंड में बैठे एक शख्स ने जिले की युवती के खाते से 65 हजार रुपये उड़ा लिए। ठग ने फोन पर आफर का झांसा देकर युवती के खाते से छह बार धनराशि निकाली थी। पुलिस ने उसे झारखंड के जामताड़ा से गिरफ्तार कर लिया है।
फोन पे पर ऑफर कर दिया था झांसा
19 नवंबर को कोतवाली पिथौरागढ़ में नगर में ही रहने वाली एक युवती ने तहरीर दी थी। तहरीर में युवती ने कहा था कि कुछ दिन पूर्व उसे एक नंबर से काॅल आया कि उसके फोन पे एप पर ऑफर आया है, जिसे रिडीम करने के लिए ऑफर पर क्लिक करते ही उसके खाते से लगातार छह बार ट्रांजेक्शन होकर कुल 65075 की धनराशि गायब हो गई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कोतवाली में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
आरोपित बार-बार बदल रहा था लोकेशन
पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह के निर्देश पर सीओ महेश जोशी और परवेज अली ने साइबर सेल की मदद से आरोपित के संभावित ठिकानों में दबिश दी, जो गिरफ्तारी के भय से बार-बार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस टीम में शामिल निरीक्षक प्रभात कुमार, एसआइ दिनेश सिंह, जवान राजेंद्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी एसआइ प्रियंका इजराल की टीम ने उसकी वास्तविक लोकेशन का पता लगाया। काफी मशक्कत के बाद आरोपित शिवनाथ दत्ता पुत्र अनिल दत्ता निवासी मदनाडीह जिला जामताड़ा झारखंड से गिरफ्तार किया। आरोपित को न्यायालय के निर्देश पर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया गया है।