गंगोलीहाट। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले की गंगोलीहाट विधानसभा में मुख्यमंत्री की कथित कोरी घोषणाओं और विकास कार्यों की अनदेखी के खिलाफ चल रहा आंदोलन 10वें दिन और अधिक उग्र हो गया। कांग्रेस अजा प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज टम्टा के नेतृत्व में धरना दे रहे वक्ताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। धरना स्थल पर मौजूद नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार लगातार जनता की जायज मांगों और समस्याओं की अनदेखी कर रही है। वक्ताओं ने कहा कि जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज करना जनता का उपहास उड़ाने जैसा है, जो एक तानाशाही सरकार की कार्यशैली को दर्शाता है। धरने पर मनोज टम्टा, वीरेंद्र सिंह खाती, विक्रम सिंह खाती और दिवानी राम लगातार डटे हुए हैं। इस आंदोलन को स्थानीय संगठनों और जनप्रतियों का भी पूरा साथ मिल रहा है। आज यूनियन अध्यक्ष उमेश भट्ट, रावल गांव के सभासद भगवत सिंह और कुंजनपुर के सभासद भरत सिंह खाती ने धरना स्थल पहुंचकर आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इसके साथ ही पुष्कर सिंह सुगडा, चिराग धानिक, ललित पंत, संजय बिष्ट, राम प्रसाद और हेमंत सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। आंदोलनकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि क्षेत्र की घोषणाओं को जल्द धरातल पर नहीं उतारा गया, तो यह लड़ाई और व्यापक रूप लेगी।

