गंगोलीहाट में सरस्वती शिशु मंदिर की संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं संपन्न, विजेता प्रतिभागी संभाग स्तर पर दिखाएंगे दम

Blog
 Image

गंगोलीहाट। सरस्वती शिशु मंदिर गंगोलीहाट के तत्वावधान में संकुल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन स्थानीय ब्यालपाटा मैदान में उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु मंदिर गंगोलीहाट, राईआगर, बेरीनाग और बनकोट के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान ऊंची कूद, लंबी कूद, गोला क्षेपण, कबड्डी, खो-खो सहित कई एथलेटिक और टीम स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतिभागियों ने अनुशासन, उत्साह और खेल भावना का परिचय देते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं अब चंपावत में आयोजित होने वाली संभाग स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में संकुल का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन समारोह में मुख्य अतिथि शंकर सिंह बोरा तथा विशिष्ट अतिथि प्रताप सिंह रावत ने विजेता प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह और पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना भी विकसित करते हैं। इस अवसर पर गंगोलीहाट विद्यालय के प्रधानाचार्य चंद्र सिंह भंडारी, राईआगर के प्रधानाचार्य कैलाश पंत, बेरीनाग के प्रधानाचार्य प्रकाश चंद्र भट्ट, बनकोट के प्रधानाचार्य भूपेंद्र सहित कमला मौरा, होशियार सिंह और अनेक शिक्षक एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधानाचार्य चंद्र सिंह भंडारी ने किया।