गंगोलीहाट। भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य तथा विवेकानंद इण्टर कॉलेज गंगोलीहाट के संस्थापक सदस्य एवं वर्तमान अध्यक्ष भगवान बल्लभ पंत का बीती रात दिल्ली के निजी अस्पताल में निधन हो गया। उन्होंने 76 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। बता दें कि उनके स्वास्थ्य की स्थिति के चलते उनके घर में बीती 4 मई से होने वाला श्रीमद् भागवत यज्ञ को भी स्थगित कर दिया गया था। उनको पिछले कुछ दिनों से दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में संक्रमण की समस्या पैदा होने से उन्हें बचाया जाना संभव नहीं हो पाया। भगवान बल्लभ पंत इस पिथौरागढ़ के वरिष्ठतम भाजपा के सस्थापक सदस्य थे। वह ग्राम पंचायत चिटगल के प्रधान भी रहे। उल्लेखनीय है कि भगवान बल्लभ पंत के मुरली मनोहर जोशी सहित भाजपा के कई वरिष्ठतम लोगों से निकट के संबंध रहे। भगवान बल्लभ पंत सरल प्रकृति मृदु स्वभाव के कर्मठ सामाजिक कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपने जीवन काल में कई सामाजिक कार्यक्रमों सहित मांगो का नेतृत्व एवं सहयोग किया। उनके निधन का समाचार मिलने पर रायबहादुर पूरन लाल शाह विवेकानंद इण्टर कॉलेज गंगोलीहाट, नगर पालिका अध्यक्ष के कैम्प कार्यालय, श्री महाकाली दरबार रामलीला कमेटी, व्यापार संघ गंगोलीहाट ने शोक सभा का आयोजन कर स्व. पंत को श्रद्धांजलि अर्पित की। इधर यूथ आर्मी ने सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट विजय चंद्रा के सहयोग से स्व. पंत की स्मृति में गरीब बच्चों की शिक्षा में सहयोग का संकल्प लिया। एडवोकेट विजय चंद्रा ने विवेकानंद के एक बच्चे को एक वर्ष के लिए गोद लेकर उनका वार्षिक शुल्क जमा कर भगवान बल्लभ पंत को श्रद्धांजलि अर्पित की। स्व. पन्त के निधन पर सांसद, विधायक सहित तमाम क्षेत्र वासियों ने गहरा दुख प्रकट करते हुए भगवान से उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान देने की प्रार्थना की है।

