govt-ads

बेरीनाग: विकास खण्ड स्तरीय विज्ञान महोत्सव! साधना इंटर कॉलेज खितोली के छात्रों का दबदबा, स्वर्ण आगरी बने चैंपियन

Blog
 Image

बेरीनाग। विकास खण्ड स्तरीय विज्ञान महोत्सव–2026 में साधना इंटर कॉलेज, खितोली के विद्यार्थियों ने अपने वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर परचम लहराया है। ब्लॉक स्तर पर आयोजित इस विज्ञान मेले में विद्यालय के बाल वैज्ञानिकों ने शानदार मॉडल प्रस्तुत कर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन किया। सीनियर वर्ग में कक्षा 11 के छात्र स्वर्ण आगरी ने असाधारण प्रतिभा का परिचय दिया। स्वर्ण ने दो अलग-अलग विषयों पर अपने विज्ञान मॉडल प्रस्तुत किए और दोनों ही प्रतियोगिताओं में पूरे विकासखंड में प्रथम स्थान प्राप्त कर दोहरा खिताब अपने नाम किया। वहीं, जूनियर वर्ग में अंश धानिक ने वर्तमान दौर के सबसे चर्चित विषय 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड इट्स इफेक्ट्स' (कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं इसके प्रभाव) पर आधारित मॉडल प्रदर्शित कर विकासखंड में द्वितीय स्थान हासिल किया। निर्णायक मंडल ने छात्रों की तकनीकी समझ, प्रस्तुतीकरण और रचनात्मक सोच की सराहना की। छात्रों की इस शानदार उपलब्धि पर साधना इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य पंकज पांडे और प्रबंधक चम्पा पंत ने विजेताओं, उनके अभिभावकों और मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य पांडे ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, वैज्ञानिक जिज्ञासा और लगन का परिणाम है। प्रबंधक चम्पा पंत ने इस अवसर पर कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ वैज्ञानिक चेतना, संस्कार और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाएं आगे चलकर राष्ट्रीय पटल पर अपनी पहचान बना सकें। इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने दोनों मेधावियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।