गंगोलीहाट के नए उपजिलाधिकारी अंकित राज ने संभाला कार्यभार

Blog
 Image

गंगोलीहाट। गंगोलीहाट के नवनियुक्त उपजिलाधिकारी पीसीएस अंकित राज ने विधिवत रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई के आदेशानुपालन उन्होंने गंगोलीहाट उपजिलाधिकारी का चार्ज संभाला। कार्यभार संभालने के बाद उपजिलाधिकारी अंकित राज ने सर्वप्रथम विश्व प्रसिद्ध महाकाली मंदिर के दर्शन किए। वहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इससे पूर्व, अंकित राज टिहरी में तैनात थे और उन्होंने माननीय हाई कोर्ट महाधिवक्ता कार्यालय नैनीताल में भी अपनी सेवाएं दी हैं। कार्यभार ग्रहण करने के बाद  उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए बताया कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और क्षेत्र में रुके हुए विकास कार्यों को पूर्ण करना उनकी मुख्य प्राथमिकता रहेगी। इसके साथ ही उच्चाधिकारियों के आदेशों का पूरी निष्ठा से पालन करना भी उनकी प्रमुखता में शामिल होगा। उल्लेखनीय है कि अंकित राज को बेरीनाग, गनाई गंगोली का अतिरिक्त दायित्व भी दिया गया है। अंकित राज के गंगोलीहाट उपजिलाधिकारी का कार्यभार संभालने पर सभी राजनैतिक दलों के नेताओं , पत्रकार, अधिवक्ता सहित शहर के गण्यमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।