बनकोट। राजकीय कन्या हाईस्कूल बनकोट की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में चयनित होकर विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की कक्षा 9 की छात्रा पायल पुत्री महेश कुमार एवं माया देवी ने मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। योजना के तहत पायल को कक्षा 9 में अध्ययन के दौरान प्रत्येक माह 900 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा गुंजन पुत्री नंद किशोर एवं मोनिका ने भी मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना में सफलता हासिल की है। योजना के तहत गुंजन को कक्षा 6 में हर माह 600 रुपये की छात्रवृत्ति मिलेगी। दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विद्यालय परिवार की ओर से छात्राओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। प्रधानाचार्य गीता कार्की ने कहा कि छात्राओं की मेहनत और लगन का यह परिणाम विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना के लिए लगातार तीसरे वर्ष विद्यालय से दो छात्राओं का चयन होना बड़ी उपलब्धि है। प्रधानाचार्य ने कहा कि छात्राओं की सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने छात्राओं के अभिभावकों और विद्यालय के शिक्षकों को भी बधाई दी। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि दोनों छात्राएं भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगी।

