गंगोलीहाट। तहसील गंगोलीहाट में स्वतंत्रता दिवस का राष्ट्रीय पर्व असीम उत्साह, आनन्द और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। प्रातःकाल से ही विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने अपनी-अपनी गणवेश में अनुशासित होकर भव्य प्रभातफेरी निकाली, जिससे पूरा नगर भारत माता के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। प्रभातफेरी के उपरांत नगर के मुख्य चौराहे पर विशाल जनसमूह की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस अवसर पर नगर के सभी शासकीय, अर्धशासकीय कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में नियत समय पर गरिमापूर्ण ढंग से ध्वजारोहण किया गया। उपजिलाधिकारी कार्यालय में एसडीएम अंकित राज, कोतवाली में प्रभारी निरीक्षक कैलाश जोशी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. उमाकांत, पशु चिकित्सालय में डॉ. मंजू असवाल, आंगनबाड़ी में चंद्रा महर, उद्यान विभाग में गौरव पंत, विकास खंड में बीडीओ प्रदीप बिष्ट, नगर पालिका में अध्यक्ष विमल रावल तथा हिमालयन ग्राम विकास समिति में राजेंद्र बिष्ट ने आन-बान-शान से राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके साथ ही शहीद पवन सिंह सुगरा महाविद्यालय, पीएम श्री महाकाली इंटर कॉलेज, पीएम श्री गोपाल दत्त पाठक बालिका इंटर कॉलेज, विवेकानंद इंटर कॉलेज, जेबीएसजी इंटर कॉलेज, सरस्वती शिशु मंदिर, दशाईथल इंटर कॉलेज, चिटगल इंटर कॉलेज और मल्लागरखा सहित सभी शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण के उपरांत दिनभर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। संपूर्ण क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस का यह पावन पर्व बेहद हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।






