गंगोलीहाट में 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण कार्यशाला' संपन्न

Blog
 Image

गंगोलीहाट। स्थानीय लोक निर्माण विभाग के अतिथि गृह में गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संचालित 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से कार्यशाला 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और स्थानीय प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए विधायक फकीर राम टम्टा ने सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं सेवानिवृत्त अनु. सचिव करम राम ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सुशासन व पारदर्शिता के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उन्हें अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लिया गया। साथ ही क्षेत्रीय विकास कार्यों में तेजी लाने, प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करने और गरीब, किसान, युवा व महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए विशेष पहलों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' के राष्ट्रीय संकल्प को साकार करने में स्थानीय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रेवती देवी ने की तथा मंच संचालन नगर मंडल महामंत्री राकेश पाठक द्वारा संपन्न कराया गया। अंत में वक्ताओं ने सभी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं का जन-जन तक व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आह्वान किया।