पिथौरागढ़: मूनाकोट में सेवा संकल्प अभियान का शिविर, 291 लाभार्थियों को मिला लाभ

Blog
 Image

पिथौरागढ़। शासन के निर्देशों के तहत जनपद में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान यानी सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत गुरुवार को विकासखंड मूनाकोट परिसर में शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने की। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विभागों की सेवाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना तथा स्थानीय स्तर पर लोगों की समस्याओं का समाधान करना रहा। शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉल के माध्यम से ग्रामीणों और आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। विभागों की ओर से उपलब्ध कराई गई विभिन्न सेवाओं के माध्यम से कुल 291 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों के साथ ही अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे।

इस दौरान राजस्व विभाग की ओर से चार प्रमाण-पत्र जारी किए गए। कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग ने 31 लोगों को छोटे कृषि यंत्र और रसायन उपलब्ध कराए। उद्यान विभाग ने 16 लोगों को बीज और रसायन वितरित किए। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से महालक्ष्मी किट उपलब्ध कराई गई। वहीं चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने 75 लोगों को ओपीडी और औषधि संबंधी सेवाएं प्रदान कीं। अन्य विभागों ने भी पात्र लोगों को योजनाओं की जानकारी और जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराईं। शिविर के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। कुल 52 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 40 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि 12 शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन निर्माण से जुड़ी समस्याएं उठाईं। उप जिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने सभी शिकायतों की सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और जनता की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करना है।