लखनऊ। माफियाओं के खिलाफ यूपी शासन-प्रशासन की कार्यवाही लगातार जारी है। इसी क्रम में शासन ने फरार माफिया बदन सिंह उर्फ बद्दो के खिलाफ पांच लाख रूपए का इनाम घोषित किया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधी बदन सिंह के विरुद्ध हत्या समेत अन्य संगीन धाराओं में चालीस से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह 28 मार्च 2019 को पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला था, जिसके बाद से उसकी लगातार तलाश की जा रही है। हालांकि अब तक पुलिस इस कुख्यात का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। डीजीपी मुख्यालय ने बदन सिंह पर ढाई लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। बीते दिनों डीजीपी मुख्यालय ने शासन से बदन सिंह पर इनाम राशि बढ़ाए जाने सिफारिश की थी। शासन ने बदन सिंह पर अब पांच लाख रुपये इनाम घोषित कर दिया है। जिसके बाद वह मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में शामिल हो गया है। बदन सिंह की तलाश में एसटीएफ भी लगी है। गृह विभाग ने मेरठ निवासी बदन सिंह पर इनाम राशि बढ़ाए जाने का शासनादेश जारी कर दिया है। बदन सिंह का नाम प्रदेश के सूचीबद्ध माफिया की सूची में शामिल है। बता दें एसटीएफ ने बदन सिंह बद्दो की जनवरी में लोकेशन ट्रेस की थी। तब उसकी इंस्टाग्राम लोकेशन फ्रांस की आ रही थी। जुलाई में भी बदन सिंह बद्दो के इंस्टाग्राम की लोकेशन नीदरलैंड और ऑस्ट्रेलिया में आ चुकी है। बदन सिंह बद्दो 4 साल से फरार चल रहा है। पुलिस उसकी संपत्ति भी कुर्क कर चुकी है।