नई दिल्ली। सपा प्रमुख अखिलेश यादव कल दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से मुलाकात कर सकते हैं। खबरों की मानें तो अरविंद केजरीवाल अध्यादेश के मुद्दे पर अखिलेश यादव से भी समर्थन मांग सकते हैं। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने कई दलों से मुलाकात की है। उसके साथ पंजाब के सीएम भगवंत मान, राज्यसभा सांसद संजय सिंह और राघव चड्ढा भी मौजूद रहे हैं। अखिलेश यादव से मुलाकात के दौरान भी यह मौजूद रह सकते हैं। केंद्र और दिल्ली सरकार के अधिकारियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद केंद्र एक अध्यादेश लेकर आया। इसमें केंद्र ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पलट दिया। दरअसल सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में पुलिस, लोक व्यवस्था और भूमि को छोड़ बाकी अधिकार दिल्ली की निर्वाचित सरकार को देने का फैसला सुनाया था। केंद्र सरकार ने अपने अध्यादेश में दिल्ली में अधिकारियों के तबादलों के लिए राष्ट्रीय राजधानी सिविल सेवा प्राधिकरण गठित करने का प्रावधान किया गया है। इसी को लेकर अरविंद केजरीवाल ने कई दलों से इस अध्यादेश के खिलाफ समर्थन मांगा है।