पिथौरागढ़। टॉवर लगाने के नाम पर लाखों रूपयों की धोखाधड़ी करने के आरोपियों को साइबर सेल की मदद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस सफलता पर आलाधिकारियों ने पुलिस टीम की पीठ थपथपाई है। वहीं आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। 26 अप्रैल 2021 को जाजरदेवल निवासी गिरीश चंद्र जोशी ने जाजरदेवल थाने में बीएसएनएल का टॉवर लगाने के नाम पर 18.11 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने की तहरीर दी थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर धारा-420 और 66आईटी एक्ट में केस दर्ज किया। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अस्कोट प्रभात कुमार को सौंपी गई। जांच में सामने आया कि गिरीश चंद्र ने अनिकेत मंडल के मोबाइल नंबर पर पेटीएम से राशि दी है। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल भी धोखाधड़ी में प्रयोग किए गए हैं। एसपी लोकेश्वर सिंह ने सीओ सुमित पांडेय (ऑप्स) के नेतृत्व में गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया। एसआई हेम तिवारी और पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी अनिकेत मंडल निवासी कोलकाता और नितेश कुमार निवासी वकुल बागान को कोलकाता से गिरफ्तार किया।
Narendra Singh
संपादक