नई दिल्ली। असम के गुवाहाटी से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां आज सुबह डिब्रूगढ़ जाने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट टेक.ऑफ के कुछ ही मिनटों के भीतर वापस गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लौट आई। बताया जाता है कि विमान में एक केंद्रीय मंत्री और राज्य के दो भाजपा विधायक सवार थे। फ्लाइट संख्या 6E2652 ने सुबह करीब 8.40 बजे गुवाहाटी से उड़ान भरी और करीब 20 मिनट के भीतर वापस एयरपोर्ट लौट आई। विमान के वापस लौटने की वजह तकनीकी खराबी बताई जा रही है। यात्रियों में केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री रामेश्वर तेली और असम में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो विधायक प्रशांत फुकन और तेरोश गोवाला शामिल थे। गुवाहाटी में उतरने के तुरंत बाद विमान के सभी यात्रियों को उतार दिया गया और विमान को निरीक्षण के लिए भेज दिया गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने पुष्टि की कि विमान वापस आ गया है और गुवाहाटी में उतरा है, लेकिन कारणों को बताया नहीं गया। मामले में इंडिगो के अधिकारियों से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है।