नई दिल्ली। ओडिशा के बालासोर में हुए रेल हादसे को लेकर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। प्रियंका गांधी ने कहा कि 24 घंटे बीतने के बाद भी जवाबदेही तय नहीं हुई। इस दौरान प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार से सवाल पूछते हुए कहा कि क्या मानवीय व नैतिक आधार पर शीर्ष पदों पर बैठे लोगों की जवाबदेही नहीं तय की जानी चाहिए। कहा कि विशेषज्ञों, संसदीय समिति, सीएजी रिपोर्ट की चेतावनियों व सुझावों को नजरंदाज करने के लिए कौन जिम्मेदार है? वहीं उन्होंने पूछा कि रेलवे में खाली पड़े पदों और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में फंड की कमी के लिए किसकी जिम्मेदारी तय होगी। आग प्रियंका गांधी ने कहा कि लाल बहादुर शास्त्री जी, नीतीश कुमार जी, माधव राव सिंधिया जी के नैतिक रास्ते का पालन करते हुए क्या रेल मंत्री जी को इस्तीफा नहीं देना चाहिए।