गणाई गंगोली। संकुल नायल की प्रारम्भिक स्तर की संकुल स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन आज अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, गणाई गंगोली के खेल मैदान में उत्साह एवं उल्लास के साथ किया गया। प्रतियोगिता में संकुल क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न खेलकूद एवं एथलेटिक्स स्पर्धाओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में संकुल क्षेत्र की सीआरपी ममता मेहरा सहित हरीश कोठारी, महेंद्र सिंह वल्दिया, लीला बोरा, सुजाता चन्याल, ओम प्रकाश यादव, हेमंत पथनी, चंद्र लाल वर्मा, सुनीता बोरा, पुष्पा चन्याल, केदार राम आदि शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। शिक्षकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग हैं। खेलों से विद्यार्थियों का शारीरिक एवं मानसिक विकास होने के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और सहयोग की भावना भी विकसित होती है। प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया गया तथा आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी गईं। संकुल स्तरीय इस आयोजन ने विद्यालयों के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेल-जोल और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का अवसर प्रदान किया।

