मुनस्यारी: श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सरस्वती शिशु मंदिर मुनस्यारी ने निकाली भव्य झांकी

Blog
 Image

मुनस्यारी। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर मुनस्यारी की ओर से शुक्रवार को भव्य झांकी निकाली गई। झांकी विद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शास्त्री चौक, थाना बैंड होते हुए बस स्टेशन तक पहुंची। इसके बाद झांकी पुरानी गैस गोदाम होते हुए पुनः शास्त्री चौक के रास्ते विद्यालय परिसर में पहुंची। इस दौरान नगर में जगह-जगह लोगों ने झांकी का स्वागत किया। झांकी के विद्यालय पहुंचने के बाद परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। इसमें विद्यालय के भैया-बहनों, आचार्याओं, मातृभारती के सदस्यों और महिला मंगल दल की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मातृभारती प्रमुख प्रेमा लोटनी को मुख्य अतिथि तथा विद्यालय अध्यक्ष खुशाल धर्मशक्तू को अध्यक्ष बनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के व्यवस्थापक गोकर्ण मर्तोलिया, अध्यक्ष खुशाल धर्मशक्तू, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से देवेन्द्र देवा, मातृभारती प्रमुख प्रेमा लोटनी, विद्यालय परिवार, अभिभावक, विद्यार्थी और महिला मंगल दल के सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आचार्य प्रेम सिंह बिष्ट ने किया। अंत में प्रधानाचार्य रणजीत सिंह बसेड़ा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सभी उपस्थित लोगों और विद्यालय परिवार का आभार जताया तथा सभी को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।