गंगोलीहाट। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार न्यायालय सिविल जज, गंगोलीहाट में एक महत्वपूर्ण प्री-बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली विशेष लोक अदालत (एनआई एक्ट) को सफल बनाने के उद्देश्य से बुलाई गई थी। बैठक की अध्यक्षता सिविल जज रजनीश मोहन ने की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित अधिवक्तागणों के साथ अधिक से अधिक वादों के त्वरित और सफल निस्तारण को लेकर विस्तृत चर्चा की। इस अवसर पर बार अध्यक्ष जेएस महरा, सचिव एमएस रावल, ठाकुर सिंह डसीला आदि अधिवक्तागण मौजूद रहे। इसके साथ ही कोतवाली गंगोलीहाट के प्रभारी निरीक्षक कैलाश चन्द्र जोशी, न्यायालय के पेशकार संजय कुमार पाठक, वरिष्ठ सहायक राजेन्द्र सिंह ऐर एवं कोर्ट मोहरिर मनोज भट्ट भी बैठक में उपस्थित रहे।

