हरिद्वार में विशाल भीड़ प्रबंधन की कवायद: 30 जुलाई से 11 अगस्त तक केवल ऑनलाइन मोड में चलेंगे स्कूल

Blog
 Image

हरिद्वार। विश्व प्रसिद्ध धर्मनगरी हरिद्वार में आगामी कांवड़ मेले को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ और शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने एक बेहद महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हरिद्वार के जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, कॉलेजों, उच्च शिक्षण संस्थानों, प्राविधिक एवं तकनीकी संस्थानों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 30 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक भौतिक अवकाश घोषित कर दिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल नियमित (फिजिकल) कक्षाओं के लिए होगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई किसी भी तरह प्रभावित न हो, इसके लिए सभी शिक्षण संस्थानों को इस अवधि के दौरान अनिवार्य रूप से ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित द्वारा जारी आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि कांवड़ मेले के दौरान रोजाना लाखों की संख्या में शिवभक्त कांवड़िए हरिद्वार पहुंचते हैं। इससे राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य राजमार्गों और शहर के आंतरिक मार्गों पर यातायात का दबाव अत्यधिक बढ़ जाता है। श्रद्धालुओं के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा शहरभर में रूट डायवर्जन लागू किया जाता है तथा कई प्रमुख मार्गों को अस्थायी रूप से सील या बंद कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में छात्र-छात्राओं को स्कूल-कॉलेज आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है और उनकी सुरक्षा जोखिम में पड़ सकती है। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षात्मक दृष्टिकोण से शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश का फैसला लिया गया है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि छुट्टी के दौरान विद्यार्थियों के अध्ययन में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए। डीएम ने सभी विद्यालयों और कॉलेजों के प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि सभी संस्थान अपने स्तर पर डिजिटल माध्यमों, अध्ययन सामग्री और ऑनलाइन क्लास के जरिए नियमित पढ़ाई सुनिश्चित करें। विद्यार्थियों और अभिभावकों को समय रहते ऑनलाइन कक्षाओं के टाइम-टेबल की पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाए। शिक्षा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हरिद्वार में इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त 2026 तक चलेगा। प्रशासन से मिले आंकड़ों के मुताबिक, बीते वर्ष कांवड़ मेले में करीब 4 करोड़ से अधिक श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे थे। वहीं इस बार श्रद्धालुओं की संख्या का यह नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद जताई जा रही है और यह आंकड़ा 5 करोड़ के पार पहुंच सकता है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया  कांवड़ मेले की भव्यता और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए 30 जुलाई से 11 अगस्त तक सभी शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी। हालांकि, ऑनलाइन माध्यम से शिक्षण कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस दोहरी व्यवस्था से एक तरफ जहां शहर की सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु रहेगी, वहीं दूसरी तरफ बच्चों की पढ़ाई का भी कोई नुकसान नहीं होगा।