गंगोलीहाट को मिली बड़ी विकास सौगातः विधायक फकीर राम टम्टा ने किया चौड़मन्या-नगौर मोटर मार्ग का उद्घाटन

Blog
 Image

गंगोलीहाट। क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही कनेक्टिविटी की मांग को पूरा करते हुए रविवार को विधायक फकीर राम टम्टा ने अपने गृह क्षेत्र चौड़मन्या में ‘चौड़मन्या से नगौर’ मोटर मार्ग का विधिवत उद्घाटन किया। इस नई सड़क के खुलने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी उत्साह है और आवागमन की राह बेहद आसान हो गई है। उद्घाटन समारोह के दौरान क्षेत्रीय जनता को संबोधित करते हुए विधायक फकीर राम टम्टा ने कहा कि ग्रामीण अंचलों को मुख्यधारा से जोड़ना और अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चौड़मन्या से नगौर सड़क मार्ग के बनने से स्थानीय ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा और दैनिक आवाजाही के लिए अब मीलों का पैदल सफर नहीं करना पड़ेगा। इस ऐतिहासिक मौके पर क्षेत्र के कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से नगौर के ग्राम प्रधान व प्रधान संगठन बेरीनाग के ब्लॉक अध्यक्ष दीपक उप्रेती, भाजपा नेता धीरज बिष्ट सहित भारी संख्या में क्षेत्रीय कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे। स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों ने सड़क की सौगात मिलने पर विधायक का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि इस मोटर मार्ग के शुरू होने से न सिर्फ वक्त की बचत होगी, बल्कि क्षेत्र में कृषि और स्थानीय आजीविका के नए रास्ते भी खुलेंगे।