govt-ads

किच्छा-सिरौलीकलां निकाय चुनावः सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद मतगणना शुरू

Blog
 Image

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। बैलेट पेपर से हुए चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने व्यापक तैयारियां की हैं। लंबे समय से कानूनी पेंच में फंसी चुनाव प्रक्रिया अब सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद निर्णायक दौर में पहुंच गई है। मतगणना स्थल के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की गई है। बता दें कि किच्छा और सिरौलीकलां निकाय चुनाव को लेकर चुनाव प्रक्रिया के दौरान मामला पहले हाईकोर्ट और फिर सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। न्यायिक प्रक्रिया के चलते मतगणना पर भी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही थी। अब सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के बाद प्रशासन ने मतगणना की प्रक्रिया शुरू कर दी है। मतगणना शुरू होते ही दोनों निकायों में चुनावी नतीजों को लेकर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की धड़कनें बढ़ गई हैं। मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा का विस्तृत खाका तैयार किया है। मतगणना स्थल पर तैनात पुलिसकर्मियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। प्रवेश और निकासी के लिए भी निर्धारित व्यवस्था लागू की गई है, ताकि मतगणना स्थल पर अनावश्यक भीड़ न जुटे और पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके। वहीं मतगणना शुरू होने से एक दिन पहले मंगलवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अन्य अधिकारियों के साथ मतगणना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर मतगणना कक्षों की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, प्रवेश और निकासी व्यवस्था तथा कर्मचारियों की तैनाती का जायजा लिया। अधिकारियों ने मतगणना के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। बैलेट पेपर से हुए चुनाव के कारण मतगणना की प्रक्रिया को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है। मतपत्रों की गिनती निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार की जा रही है। मतगणना में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियां पहले ही निर्धारित कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ मतगणना स्थल पर निगरानी की भी व्यवस्था की गई है। गौरतलब है कि किच्छा और सिरौलीकलां के चुनाव परिणाम स्थानीय राजनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। दोनों निकायों में प्रत्याशियों के साथ-साथ प्रमुख राजनीतिक दलों की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है। मतगणना के दौरान जैसे-जैसे बैलेट पेपर खुलेंगे, वैसे-वैसे चुनावी तस्वीर साफ होती जाएगी।