पिथौरागढ़। प्रदेश जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, उत्तराखंड के आह्वान पर आज रामलीला मैदान स्थित धरना स्थल टकाना, पिथौरागढ़ में एक विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। यह आंदोलन शिक्षकों की लंबे समय से लंबित 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में किया गया। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष बिरेन्द्र रावल ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन महामंत्री खिलानन्द खोलिया द्वारा किया गया। प्रदर्शन सुबह 11:00 बजे से शुरू हुआ, जिसमें जिलेभर के शिक्षकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। धरना स्थल पर मौजूद वक्ताओं ने शिक्षकों की समस्याओं पर मुखर होकर अपनी बात रखी। आंदोलन को संबोधित करने वाले मुख्य वक्ताओं में प्रदेश संयुक्त मंत्री हरीश कोठारी, शिक्षक एसोसिएशन के कुमाऊँ मण्डल अध्यक्ष सुरेन्द्र ग्वासीकोटी, जनपद कार्यकारिणी से गोकुलानन्द पन्त और बिरेन्द्र चन्याल शामिल थे। इनके अलावा ब्लॉक अध्यक्ष नवीन चन्द्र आर्य, राम चरण पण्डा, जगदीश प्रसाद और प्रकाश बोरा आदि वक्ताओं ने भी आंदोलन के समर्थन में विचार व्यक्त किए। सभी वक्ताओं ने समस्त शिक्षक समुदाय से एकजुट होने की अपील करते हुए जूनियर हाईस्कूल शिक्षकों की 13 सूत्रीय मांगों के समर्थन में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया। सभा की समाप्ति के बाद, शिक्षक संघ द्वारा जिलाधिकारी के माध्यम से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा गया। इस आंदोलन में मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष बिरेन्द्र रावल, महामंत्री खिलानन्द खोलिया, प्रान्तीय संयुक्त मंत्री हरीश कोठारी, कुमाऊँ मण्डल अध्यक्ष सुरेन्द्र ग्वासीकोटी, धारचूला अध्यक्ष जगदीश प्रसाद, धारचूला महामंत्री गणेश सिंह नबियाल, सदस्य कमल प्रसाद, गंगोलीहाट महामंत्री प्रकाश सिंह बोरा, मूनाकोट से मदन मोहन चन्द, कनालीछीना से संजय वर्मा, गंगोलीहाट अध्यक्ष राम चरण पण्डा, बेरीनाग अध्यक्ष नवीन चन्द्र आर्य, जिला संयुक्त मंत्री बिरेन्द्र चन्याल, धरमपाल यादव और जिला कोषाध्यक्ष गोकुलानन्द पन्त सहित कई शिक्षक और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

