गंगोलीहाट। शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल के नेतृत्व में विभिन्न मांगों को लेकर चल रहा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। आंदोलन को एडवोकेट गौरव चंद्र पंत ने अपना समर्थन दिया। वहीं, महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं का भी आंदोलन को लगातार सहयोग मिल रहा है। छात्र संघ अध्यक्ष हिमांशु सिंह जरमाल ने कहा कि महाविद्यालय के विकास और छात्र-छात्राओं के हितों से जुड़ी मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है। मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

