मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में चमके सरकारी स्कूलों के सितारे, आदित्य-तनीषा और सौरव ने हासिल की सफलता

Blog
 Image

पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में पिथौरागढ़ जिले के सरकारी विद्यालयों के तीन छात्रों ने सफलता हासिल कर अपने विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय कनारीपाभैं की कक्षा छह के छात्र आदित्य ऐरी और तनीषा ने परीक्षा उत्तीर्ण कर छात्रवृत्ति के लिए चयनित होने का गौरव हासिल किया। वहीं राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी ने भी परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। छात्रों की इस उपलब्धि पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। अभिभावकों और विद्यालय के बच्चों ने आदित्य और तनीषा का फूलमालाओं से स्वागत किया और मिष्ठान वितरित कर खुशी मनाई। इस दौरान विद्यालय के शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मान समारोह में एसएमसी अध्यक्ष सुनीता देवी ने विद्यालय के बच्चों के लगातार बेहतर प्रदर्शन पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विद्यालय में कार्यरत शिक्षक लगातार मेहनत कर रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप अत्यंत गरीब परिवारों से आने वाले बच्चे भी प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं। प्राथमिक विद्यालय की एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी ने गांव के अन्य अभिभावकों से अपने बच्चों का दाखिला सरकारी विद्यालयों में कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि दोनों विद्यालयों के शिक्षकों के समेकित प्रयासों से अब तक कनारीपाभैं विद्यालय के छह बच्चे मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में सफल हो चुके हैं। इसके अलावा विद्यालय के नौ बच्चे राष्ट्रीय साधन-सह-योग्यता छात्रवृत्ति योजना यानी NMMSS परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुके हैं। विद्यालय के बच्चों की लगातार उपलब्धियों का असर यह है कि कई अभिभावकों ने निजी विद्यालयों से अपने बच्चों का नाम कटवाकर सरकारी विद्यालय में दाखिला कराया है। मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति परीक्षा में चयनित होने के बाद छात्रों को राज्य सरकार की ओर से कक्षा आठ तक कुल 25,200 रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। वहीं राजकीय जूनियर हाईस्कूल पापला के छात्र सौरव कलौनी की सफलता पर गडार-पापला के ग्रामीणों ने विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया। ग्रामीणों ने सौरव की सफलता का श्रेय प्रधानाध्यापिका निरंजना गुरुरानी और शिक्षक भूपेश पंत के मार्गदर्शन एवं मेहनत को दिया। प्रधानाध्यापिका निरंजना गुरुरानी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को सरकारी विद्यालयों में भेजें और सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं एवं योजनाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक हरीश चंद्र जोशी, विज्ञान शिक्षक नरेश पुनेठा, सहायक शिक्षक बलवंत सिंह भंडारी, प्रधानाध्यापिका गीता प्रसाद, सहायक अध्यापिका भावना मेहता, एसएमसी अध्यक्ष मोनिका देवी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति ऐरी समेत बड़ी संख्या में अभिभावक मौजूद रहे।