गंगोलीहाट: ग्वासिकोट पंपिंग योजना के अधुरे निर्माण से आक्रोश! जल निगम कार्यालय के घेराव और आंदोलन की चेतावनी

Blog
 Image

गंगोलीहाट। विकासखंड गंगोलीहाट की ग्राम पंचायत ननोली सहित आसपास की लगभग 10 ग्राम सभाओं को पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई ग्वासिकोट पंपिंग योजना का काम अब तक पूरा न होने पर क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट को ज्ञापन सौंपकर आगामी दिनों में उग्र आंदोलन, जल निगम कार्यालय के घेराव और तालाबंदी की चेतावनी दी है। ग्राम पंचायत ननोली की प्रधान गंगा डोबाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा दिए गए पत्र में कहा गया है कि मार्च 2024 तक पूर्ण होने वाली यह योजना जल निगम गंगोलीहाट की लापरवाही, उदासीनता और कथित अनियमितताओं के कारण आज तक अधूरी पड़ी हुई है। योजना के ठप होने से क्षेत्र की जनता को पेयजल संकट और भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती, तो क्षेत्रवासी अपने हितों की रक्षा के लिए आगामी 17 अगस्त को जल निगम कार्यालय गंगोलीहाट का शांतिपूर्ण घेराव एवं तालाबंदी करेंगे। इसके बाद 18 अगस्त से क्रमिक अनशन और व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि आंदोलन के दौरान योजना से जुड़ी अनियमितताओं और कथित भ्रष्टाचार से जुड़े तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्थिति बिगड़ती है, तो इसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। ज्ञापन की प्रतिलिपियां जिलाधिकारी पिथौरागढ़, अधिशासी अभियंता जल निगम, थाना प्रभारी गंगोलीहाट तथा क्षेत्रीय सांसद व विधायक को भी आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित की गई हैं।