गंगोलीहाटः डॉ. भीम कुमार ने पेश की मजबूत दावेदारी! सामाजिक सक्रियता से बढ़ाया कद

Blog
 Image

गंगोलीहाट। विधानसभा क्षेत्र गंगोलीहाट में चुनावी सरगर्मियां तेज होते ही भारतीय जनता पार्टी के भीतर डॉ. भीम कुमार एक बेहद मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आए हैं। अविभाजित उत्तर प्रदेश के समय में रीठा रैतोली बेरीनाग से जिला पंचायत सदस्य रह चुके डॉ. भीम कुमार का राजनीतिक अनुभव काफी गहरा है। वर्ष 2014 से भाजपा के साथ जुड़े डॉ. कुमार 2017 में प्रमुख पद के प्रबल दावेदार रहे और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने पार्टी के लिए धरातल पर सक्रिय भूमिका निभाई।
उनकी राजनीतिक पकड़ का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वर्ष 2025 के त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में उन्होंने अपनी पुत्रवधू को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में मैदान में उतारा और डॉ. भीम कुमार की अपनी स्वच्छ एवं सामाजिक छवि के कारण उन्होंने शानदार जीत दर्ज की। जीत के बाद उन्होंने अपनी पुत्रवधू को भाजपा में शामिल करवाकर बेरीनाग क्षेत्र में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का काम किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से गहरा जुड़ाव रखने वाले डॉ. भीम कुमार की पहचान एक प्रखर राष्ट्रवादी और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में है। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अतुलनीय है। अंबेडकर समाजोत्थान समिति के माध्यम से वे बेरीनाग ब्लॉक के दुर्गम ग्रामीण इलाकों में वर्तमान में चार विद्यालयों का सफल संचालन कर रहे हैं। समाज के निर्बल और वंचित वर्ग को शिक्षित करने के उनके इस जज्बे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय ने उनके सामाजिक कार्यों को देखते हुए उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि से नवाजा है। डॉ. कुमार ने भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि वे अब गंगोलीहाट विकासखंड के पिछड़े क्षेत्रों में भी शिक्षा का विस्तार करने के लिए संकल्पित हैं। उनकी संवेदनशीलता का ताजा उदाहरण हाल ही में ग्राम पंचायत चिटगल के कूंचा तोक में देखने को मिला, जहां वे पूरन राम की पुत्री के विवाह समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने यूथ आर्मी की अनूठी सामाजिक पहल की सराहना करते हुए अपनी ओर से 50 किलो आटा और एक टिन सरसों का तेल सहायता स्वरूप भेंट किया। युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा ही वास्तविक राष्ट्र सेवा है। उन्होंने यूथ आर्मी को पूरे विधानसभा क्षेत्र में इस प्रकार के अभियान चलाने का आह्वान किया और भविष्य में हर संभव मार्गदर्शन एवं सहयोग का आश्वासन भी दिया। डॉ. भीम कुमार की बढ़ती सक्रियता और जनसंपर्क ने वर्तमान में उन्हें गंगोलीहाट क्षेत्र के प्रमुख चेहरों में शुमार कर दिया है।