गंगोलीहाट: भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया राष्ट्रीय अध्यक्ष का जन्मदिन, संगठन मजबूती का लिया संकल्प

Blog
 Image

गंगोलीहाट। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन के जन्मदिन के अवसर पर गंगोलीहाट स्थित लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्राम गृह में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित कर शुभकामनाएं प्रेषित कीं। नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर केक काटा और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की। इस अवसर पर वक्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व के योगदान को याद करते हुए संगठन की मजबूती और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष भूपाल आर्या ने कहा कि पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व देशहित और जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे संगठन की नीतियों और उपलब्धियों को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य करें। अनुसूचित जाति मोर्चा नगर अध्यक्ष दयाल कुमार ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। पार्टी की मजबूती के लिए सभी को अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करना चाहिए। पूर्व ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन मेहरा ने कहा कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा मजबूत और अनुशासित है। राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में पार्टी ने देशभर में विकास और सुशासन का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और जनसंपर्क अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया। नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और संगठनात्मक ऊर्जा को बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता राष्ट्रीय नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में जिला मंत्री रमेश बोरा, चंद्र सिंह बुगला, युवा नेता एडवोकेट सुरेंद्र कुमार, संजू डसीला, भरत सिंह सहित दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।